नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी अनंत राज लिमिटेड ने हरियाणा में डेटा सेंटर अवसंरचना के विकास के लिए राज्य सरकार के साथ 20,000 करोड़ रुपये के निवेश संबंधी एक समझौता किया है।
कंपनी ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि उसने हरियाणा सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए, ताकि राज्यभर में बड़े पैमाने पर डेटा सेंटर अवसंरचना विकसित की जा सके। इसके तहत 20,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
कंपनी वर्तमान में मानेसर और पंचकूला स्थित अपने परिसरों में 28 मेगावाट आईटी लोड क्षमता का संचालन कर रही है और हरियाणा में अपने डेटा सेंटर नेटवर्क का विस्तार कर रही है। कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2031-32 तक मानेसर, पंचकूला और राय में कुल 307 मेगावाट क्षमता हासिल करना है। इसके लिए लगभग 2.1 अरब अमेरिकी डॉलर के पूंजीगत व्यय की योजना बनाई गई है।
कंपनी ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित 20,000 करोड़ रुपये का निवेश उसकी मौजूदा और जारी डेटा सेंटर विस्तार योजनाओं के अतिरिक्त होगा।
यह समझौता हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा आयोजित ‘मेक इन हरियाणा नीति’ तथा अन्य क्षेत्रीय नीतियों के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान हस्ताक्षरित किया गया।
भाषा
यासिर अजय
अजय