मुंबई, आठ फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल ने रविवार को तेलंगाना में समाज सुधारक ज्योतिबा फुले की प्रतिमा के साथ तोड़-फोड़ करने के कृत्य की निंदा की और इसे सामाजिक समानता के मूल विचार पर हमला बताया।
राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया और दोषियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
यह घटना छह फरवरी को तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में घटी।
भुजबल ने शाह को लिखे पत्र में कहा कि महात्मा फुले जैसे प्रतिष्ठित व्यक्तियों को निशाना बनाकर की गई घटनाएं प्रगतिशील सामाजिक चिंतन पर हमला हैं और एक लोकतांत्रिक समाज में इन्हें बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
इस घटना को समाज सुधार की विचारधारा पर जानबूझकर किया गया हमला बताते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, समानता और शोषितों के सशक्तिकरण में फुले का योगदान अमूल्य है और उनकी विरासत का अपमान करने के किसी भी प्रयास से सख्ती से निपटा जाना चाहिए।
राकांपा नेता ने कहा कि ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति को रोकने और संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए दोषियों को दंड दिया जाना चाहिए।
भाषा
राखी संतोष
संतोष