पुणे (महाराष्ट्र), पांच सितंबर (भाषा) पुलिस ने इस साल जून में पुणे जिले के लोहगढ़ किले में रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में शनिवार को 22 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपी रितेश हांगे, केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल के कथित प्रेमी चेतन चौधरी का दोस्त है।
हांगे इस मामले में चौधरी और गोयल के बाद गिरफ्तार किया गया तीसरा आरोपी है।
पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय गोयल और 22 वर्षीय चौधरी ने 18 जून को लोहगढ़ किले में कथित तौर पर केतन अग्रवाल को ऊंचाई से धक्का दे दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने कहा, ‘‘जांच के दौरान सामने आया कि रितेश केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश में शामिल था।’’
उन्होंने बताया कि रितेश हांगे को हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘केतन को गोयल और चौधरी की पहले की साजिश के बारे में जानकारी थी, जिसमें केतन के हाथ-पैर तोड़कर उन्हें घायल करना और बाद में उनकी हत्या करना शामिल था। 18 जून को लोहगढ़ किले में हत्या को अंजाम देने के बाद चौधरी ने रितेश हांगे से संपर्क कर उसे इसकी जानकारी दी।’’
पुलिस ने बताया कि केतन अग्रवाल और सिया की फरवरी में सगाई हुई थी, लेकिन वह कथित तौर पर चौधरी के साथ रिश्ते में थी।
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश