फिल्म ‘नया दौर’ से प्रेरित नहीं है ‘लगान’ : गोवारिकर

फिल्म 'नया दौर' से प्रेरित नहीं है 'लगान' : गोवारिकर

फिल्म ‘नया दौर’ से प्रेरित नहीं है ‘लगान’ : गोवारिकर
Modified Date: March 14, 2026 / 06:28 pm IST
Published Date: March 14, 2026 6:28 pm IST

मुंबई, 14 मार्च (भाषा) फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर ने कहा कि उनकी फिल्म ‘लगान’ अभिनेता दिलीप कुमार की फिल्म ‘नया दौर’ से प्रेरित नहीं है बल्कि इसका विचार लोकप्रिय ‘एस्टेरिक्स कॉमिक्स’ से मिलता-जुलता है।

आमिर खान अभिनीत यह फिल्म आशा, साहस और अन्याय के खिलाफ संघर्ष जैसे विषयों पर आधारित है। इसकी कहानी मध्य भारत के एक छोटे से गांव के इर्द-गिर्द घूमती है जहां ब्रिटिश सेना का एक घमंडी अधिकारी भारी कर लगा देता है। इसके बाद गांव वालों को कर से राहत पाने के लिए क्रिकेट मैच खेलने की चुनौती दी जाती है।

गोवारिकर ने कहा कि उनकी फिल्म ‘लगान’ अभिनेता दिलीप कुमार अभिनीत ‘नया दौर’ (1957) से प्रेरित नहीं है।

बी आर चोपड़ा द्वारा निर्देशित ‘नया दौर’ की कहानी शंकर (दिलीप कुमार) नामक एक जोशीले तांगावाले के इर्द-गिर्द घूमती है जो ग्रामीण मजदूरों की आजीविका बचाने के लिए व्यापारी कुंदन के खिलाफ संघर्ष करता है। यह संघर्ष अंततः एक तांगा और बस के बीच रोमांचक दौड़ में बदल जाता है।

गोवारिकर ने शुक्रवार शाम ‘रेड लॉरी फिल्म महोत्सव’ में ‘लगान’ के प्रदर्शन के बाद कहा, “यह एक मिथक है। मैं नया दौर से प्रेरित नहीं था और मैंने वह फिल्म देखी भी नहीं थी। मैं अपने बचपन की यादों के आधार पर यह कहानी लिख रहा था।”

फिल्म ‘लगान’ इस साल जून में 25 वर्ष पूरे करेगी।

निर्देशक ने बताया कि दिवंगत बीआर चोपड़ा को ‘लगान’ बहुत पसंद आई थी। गोवारिकर ने कहा कि जब उन्होंने बाद में ‘नया दौर’ फिल्म देखी तो दोनों फिल्मों में आधुनिकीकरण से निपटने के तरीकों में समानताएं दिखाई दीं।

फिल्म निर्माता का कहना था कि उनकी फिल्म ‘लगान’ एक फ्रांसीसी कॉमिक श्रृंखला से अधिक मेल खाती है।

उन्होंने कहा, “एस्टेरिक्स ही हमारी मुख्य प्रेरणा थी क्योंकि इसमें एक छोटा सा गांव, रोमन साम्राज्य से लड़ता है और यहां (फिल्म में) एक छोटा भारतीय गांव ब्रिटिश साम्राज्य से संघर्ष करता है। इसी वजह से फिल्म ने फ्रांस में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया।”

फ्रांसीसी कॉमिक श्रृंखला ‘एस्टेरिक्स’ एक गॉलिश गांव की कहानी है जो शक्ति बढ़ाने वाली जादुई औषधि की मदद से जूलियस सीजर की रोमन सेना का विरोध करता है।

फिल्म ‘लगान’ में ग्रेसी सिंह, रेचल शेली, सुहासिनी मुले, कुलभूषण खरबंदा सहित कई कलाकारों ने काम किया है।

भाषा

प्रचेता अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में