पुणे, छह जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे जिले में सोमवार को भारी बारिश के दौरान भूस्खलन का मलबा एक घर पर गिर गया जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और परिवार के दो अन्य सदस्य लापता हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना मावल तहसील के पाटन गांव में हुई।
पुलिस ने बताया कि तड़के गांव में भूस्खलन होने से मलबे के नीचे एक घर दब गया, जिससे परिवार के तीन सदस्य उसमें फंस गए।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) अधिकारी ने कहा, ‘‘मलबे से एक व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया है और अन्य दो लोगों की तलाश जारी है।’’
पुलिस उपाधीक्षक गजानन टोम्पे ने कहा कि भारी बारिश के बाद इस दूरदराज के गांव में तीन जगह भूस्खलन हुआ।
उन्होंने कहा, ‘‘इन घटनाओं में से एक में एक घर मलबे के नीचे दब गया। सोमवार तड़के जब भूस्खलन हुआ, तब घर के अंदर तीन लोग मौजूद थे।’’
अधिकारियों ने बताया कि एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय समूहों की टीम खोज और बचाव अभियान में जुटी है।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इसी से जुड़े एक घटनाक्रम में एनडीआरएफ की टीम ने मावल तहसील में घोरावाडी रेलवे स्टेशन के पास जलभराव के बाद एक निजी बस में फंसे 37 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया।
भाषा
खारी नरेश
नरेश