पुणे, पांच जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे शहर में रविवार तड़के भारी बारिश के बाद एक आवासीय सोसायटी की बाहरी दीवार गिरने से कम से कम 14 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दमकल विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह घटना तड़के करीब तीन बजे शहर के कात्रज इलाके में हुई। हालांकि, इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘ यह आवासीय सोसायटी कात्रज के जंभुलवाडी मार्ग पर स्थित है। लगातार हो रही भारी बारिश के बाद सोसायटी के परिसर की दीवार वाहनों की पार्किंग के लिए बनाए गए ढांचे पर गिर गई, जिससे कई दोपहिया और चार पहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।’’
अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद कात्रज और सिंहगढ़ दमकल केंद्रों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
उन्होंने बताया कि सात, चार पहिया और सात, दोपहिया वाहनों को बाहर निकाल लिया गया है।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना