पुणे, चार जुलाई (भाषा) पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवाड़ इलाके के रावेत में शनिवार सुबह 29 साल की एक चिकित्सक ने कथित तौर पर 24 मंजिला निर्माणाधीन इमारत की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान लातूर जिले की रहने वाली श्वेता रोकाडे (29) के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि वह नजदीक की एक हाउसिंग सोसाइटी में किराए के फ्लैट में रहती थी और एक अस्पताल में काम करती थी।
अधिकारी ने बताया, ‘रोकाडे ने आज सुबह रजिस्टर में कोई और नाम दर्ज करके निर्माणाधीन इमारत में प्रवेश किया। बताया जा रहा है कि वह छत पर गई और इमारत के ऊपर से कूद गईं। घटना का पता लगभग 20 से 25 मिनट बाद एक जोरदार आवाज सुनाई देने पर चला।’
अधिकारी ने बताया कि इमारत में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था, पुलिस ने आस-पास की जगहों का फुटेज खंगाला तो उस जगह का पता चला जहां महिला किराए के घर में रहती थी; उसके फ्लैट की तलाशी लेने पर एक सुसाइड नोट मिला।
उन्होंने कहा, ‘नोट में लिखा है कि अपनी मौत के लिए वह खुद जिम्मेदार है। इसमें किसी व्यक्ति या संस्था पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। नोट में उसके काम करने की जगह या उस अस्पताल का जिक्र नहीं है जहां वह काम करती थी।’
अधिकारी ने बताया कि महिला का मोबाइल फोन और अन्य सामान जांच के लिए ज़ब्त कर लिया गया है, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे में मौत का मामला दर्ज किया जा रहा है और जांच जारी है।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन