पुणे, चार जुलाई (भाषा) पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या की आरोपी सिया गोयल द्वारा अपनी एक सहेली को ‘स्नैपचैट’ पर कथित तौर पर भेजा गया एक संदेश जांच के दौरान सामने आया है, जिसमें उसने लिखा था कि उसकी केतन से शादी नहीं होने वाली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, यह संदेश कथित तौर पर मई में भेजा गया था, जो केतन की कथित हत्या से कुछ सप्ताह पहले का है।
इसी बीच, केतन के 71 वर्षीय दादा का शनिवार शाम शहर के एक अस्पताल में निधन हो गया। परिवार के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।
सिया गोयल (20) और उसके कथित प्रेमी 22 वर्षीय चेतन चौधरी को पिछले महीने 25 वर्षीय केतन अग्रवाल की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि दोनों (गोयल और चौधरी) ने 15 जून को पुणे जिले के लोहगढ़ किले पर केतन को खाई में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी थी।
कथित स्नैपचैट संदेश में, सिया ने अपनी सहेली से नवंबर में उदयपुर में प्रस्तावित शादी के लिए टिकट बुक कराने के वास्ते उसके आधार कार्ड की प्रति भेजने को कहा था, लेकिन साथ ही यह भी लिखा था कि शादी नहीं होने वाली है।
संदेश में लिखा था, ‘‘शादी के टिकट के लिए अपने आधार कार्ड के दोनों ओर की फोटो भेज देना। वैसे भी शादी होने वाली नहीं है, लेकिन फिर भी भेज देना।’’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि केतन के परिवार ने नवंबर में होने वाली शादी के लिए रिश्तेदारों और मित्रों की यात्रा का इंतजाम करना शुरू कर दिया था और इसके लिए गोयल परिवार से मेहमानों के नाम तथा आधार कार्ड का विवरण मांगा गया था।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हम (सिया की) इस सहेली से पूछताछ करेंगे ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उसे केतन की हत्या की साजिश की पहले से कोई जानकारी थी।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस स्नैपचैट संदेश की प्रामाणिकता की भी जांच कर रही है।
वहीं, अग्रवाल परिवार के एक करीबी सदस्य ने बताया कि केतन के दादा देवीचंद अग्रवाल का शनिवार शाम हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती थे।
उन्होंने बताया कि उनकी आयु 71 वर्ष थी।
भाषा गोला सुभाष
सुभाष