लातूर इतिहास के सबसे बुरे सूखे का सामना कर रहा है, जलाश्यों से जलापूर्ति संभव नहीं : भाजपा विधायक
लातूर इतिहास के सबसे बुरे सूखे का सामना कर रहा है, जलाश्यों से जलापूर्ति संभव नहीं : भाजपा विधायक
लातूर (महाराष्ट्र), 12 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक संभाजीराव पाटिल निलंगेकर ने शनिवार को कहा कि लातूर अपने इतिहास के सबसे भयानक सूखे का सामना कर रहा है। इस मानसून में कम बारिश होने की वजह से सभी 145 बड़े और छोटे जलाशयों में पानी का स्तर इतना नीचे गिर चुका है कि अब वहां से पानी की आपूर्ति करना मुमकिन नहीं है।
निलंगा क्षेत्र से विधायक निलंगेकर ने बताया कि इन सभी जलाश्यों में अब कुल मिलाकर केवल 14 प्रतिशत पानी ही बचा है, जिसके कारण राज्य सरकार ने उपलब्ध पानी मुख्य रूप से केवल पीने के लिए आरक्षित कर दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘लातूर अपने इतिहास के सबसे भयानक सूखे से जूझ रहा है। लंबे समय तक बारिश में कमी होने के कारण जिले की 100 प्रतिशत खरीफ फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। सोयाबीन और अन्य फसलें ठीक से बढ़ नहीं पाई हैं।’’
विधायक ने बताया कि राज्य सरकार ने अधिकारियों को फसलों के नुकसान का जमीनी स्तर पर सटीक आकलन करने के निर्देश दिए हैं और प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
बीमा कंपनियों, कृषि विभाग और राजस्व विभाग द्वारा अलग-अलग स्तर पर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया है।
भाषा सुमित शफीक
शफीक

Facebook


