लातूर : पवन चक्की परियोजना स्थल से उच्च गुणवत्ता वाले तार चोरी करने के आरोप में तीन हिरासत में
लातूर : पवन चक्की परियोजना स्थल से उच्च गुणवत्ता वाले तार चोरी करने के आरोप में तीन हिरासत में
लातूर, 24 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले में पवन चक्की परियोजना स्थल से उच्च गुणवत्ता वाले तार के बंडल चोरी करने के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें दो आरोपी मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अमोल तांबे के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने औसा थाने में शिकायत दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर चोरी के इस मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस के अनुसार, पुख्ता सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) की टीम ने 23 जुलाई को पीवीआर चौक-औसा बाईपास मार्ग पर जाल बिछाकर एक मालवाहक वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 150 किलोग्राम वजन वाले उच्च गुणवत्ता के तार के चार बंडल बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान वाहन में सवार तीनों आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उन्होंने औसा तहसील के करजगांव पाटी के पास स्थित पवन चक्की परियोजना स्थल से तार चोरी किए थे और उन्हें कबाड़ के रूप में बेचने के लिए लातूर शहर ले जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि हिरासत में लिये गए लोगों की पहचान लातूर निवासी 38-वर्षीय यूनुस दस्तगीर शेख, मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले के 38-वर्षीय चमरूलाल नान्हूसिंह वरकड़े और 30-वर्षीय हरिचंद्र फागनू मरावी के रूप में हुई है।
पुलिस ने चोरी किए गए 55,000 रुपये मूल्य के तार और उन्हें ले जाने में इस्तेमाल किया गया 2.5 लाख रुपये मूल्य का वाहन जब्त कर लिया।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश

Facebook


