(तस्वीर सहित)
मुंबई, 17 फरवरी (भाषा) फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मुंबई पहुंचने के तुरंत बाद मरीन ड्राइव पर ‘जॉगिंग’ कर वहां सुबह की सैर कर रहे लोगों को अचंभित कर दिया।
गहरे नीले रंग की टी-शर्ट, काले रंग के शॉर्ट्स और ‘रनिंग शू’ पहने मैक्रों सुबह की सैर करने वाले लोगों में से ही एक नजर आ रहे थे, वहीं सुरक्षाकर्मी उनसे कुछ दूरी बनाते हुए उनके साथ मौजूद थे।
आधिकारिक बैठकों एवं व्यस्त कार्यक्रमों के शुरू होने से ठीक पहले, फ्रांसीसी राष्ट्रपति को ‘जॉगिंग’ करते हुए देखा गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मैक्रों पूर्वाह्न 10:30 बजे के बाद अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ सुबह की सैर पर निकले थे।
उनके ‘जॉगिंग’ मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात था।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने गेटवे ऑफ इंडिया के पास स्थित प्रतिष्ठित होटल ताज महल पैलेस से इसे शुरू किया और कोस्टल रोड के पास मरीन ड्राइव तक गए।
अधिकारी ने बताया कि वह चर्चगेट स्टेशन के पास महर्षि कर्वे मार्ग, ओवल ग्राउंड और रीगल चौक से होते हुए होटल वापस लौटे।
मरीन ड्राइव पर मौजूद लोगों ने उनकी ‘जॉगिंग’ के वीडियो बनाए जो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं।
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब मैक्रों ने किसी आधिकारिक यात्रा की इस तरह से शुरुआत की हो।
पिछले साल दिसंबर में, चीन की राजकीय यात्रा के दौरान मैक्रों ने दक्षिण पश्चिमी चीन के शिचुआन प्रांत के चेंगदु में ‘जॉगिंग’ की थी, जिसका वीडियो सामने आया था।
राष्ट्रपति और फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिगिट मैक्रों ने बाद में, दक्षिण मुंबई के ताजमहल पैलेस होटल में नवंबर 2008 में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री मोदी के न्योते पर राष्ट्रपति मैक्रों 17 से 19 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस यात्रा के दौरान फ्रांसीसी राष्ट्रपति ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेंगे।
यह राष्ट्रपति मैक्रों की भारत की चौथी और मुंबई की पहली यात्रा है।
भाषा सुभाष रंजन
रंजन