मुंबई/नासिक, 28 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के जलगांव जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े एक प्रमुख शिक्षण संस्थान संचालक को कथित ‘शालार्थ आईडी’ घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। यह घोटाला सरकारी पोर्टल पर शिक्षकों की फर्जी पहचान बनाकर उनके नाम पर वेतन लेने से जुड़ा है।
नासिक पुलिस ने मंगलवार को पुष्टि की कि कई शैक्षणिक संस्थानों का संचालन करने वाले संजय गरुड़ को सोलापुर जिले के नातेपुते कस्बे से गिरफ्तार किया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि 67 वर्षीय गरुड़ के खिलाफ नासिक रोड पुलिस थाने में मामला दर्ज है।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) संदीप मिटके ने बताया कि गरुड़ द्वारा संचालित एक शैक्षणिक संस्थान से संबद्ध बताकर 150 से अधिक शिक्षकों की फर्जी प्रोफाइल तैयार की गई थीं।
घोटाले की समग्र जांच के बारे में उन्होंने बताया कि अब तक 200 से अधिक विद्यालयों की भूमिका सामने आ चुकी है और इस मामले में 1,200 आरोपियों की पहचान की जा चुकी है, जबकि पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इससे एक दिन पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्य के कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन ने कहा था कि विशेष जांच दल (एसआईटी) की जांच में इस कथित घोटाले में शामिल सभी लोगों का पर्दाफाश होगा।
गरुड़ जलगांव जिले की जामनेर तहसील का निवासी है, जो महाजन का गृह क्षेत्र है। वह कई शैक्षणिक संस्थानों का संचालन करता है। उसने जनवरी 2024 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था।
गरुड़ की गिरफ्तारी के बारे में पूछे जाने पर महाजन ने कहा था कि उन्हें इस संबंध में अधिक जानकारी नहीं है।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा