मुंबई, 28 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के दौरान “सीमा पार से चलाए गए समन्वित दुष्प्रचार अभियान’ में शामिल 500 से अधिक सोशल मीडिया ‘प्रोफाइल’ की पहचान की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक मुद्दे पर कॉजपा के नेतृत्व में हुए आंदोलन के दौरान महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने बड़े पैमाने पर ‘ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस’ (ओएसआईएनटी), मेटाडेटा की जांच, व्यवहार विश्लेषण और सोशल मीडिया पर प्रसारित एआई से तैयार तथा डीपफेक पोस्ट की फोरेंसिक जांच की।
बयान के अनुसार जांच में पता चला कि सोशल मीडिया खातों के एक संगठित नेटवर्क के जरिये झूठी, भ्रामक व एआई से तैयार पोस्ट साझा की जा रही थीं, जिनका उद्देश्य लोगों के विचारों को प्रभावित करना, भ्रम फैलाना, अशांति उत्पन्न करना और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ना था।
बयान में कहा गया है कि तकनीकी जांच से संकेत मिले कि भारत के बाहर, खासकर पाकिस्तान और कुछ पश्चिम एशियाई देशों में सक्रिय असामाजिक तत्व भारतीय लोगों को निशाना बनाकर भ्रामक संदेशों को बढ़ावा दे रहे थे।
बयान के अनुसार महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने इन खातों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और सोशल मीडिया मंचों से आपत्तिजनक सामग्री हटाने की मांग की है।
पुलिस ने इंस्टाग्राम, एक्स, फेसबुक और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया मंचों पर 429 आपत्तिजनक पोस्ट और अकाउंट की पहचान की।
अधिकारियों के अनुसार, इनमें से करीब 100 अकाउंट भारत के बाहर से संचालित किए जा रहे थे।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश