(फोटो के साथ)
मुंबई, नौ फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र में सोमवार को जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के परिणाम घोषित किए गए, जिसमें भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति ने शानदार जीत दर्ज की। 2024 के विधानसभा चुनाव में जोरदार जीत के बाद से पार्टी का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, महायुति ने 731 जिला परिषद सीटों में से 552 और 1,462 पंचायत समिति सीटों में से 1,000 से अधिक सीट जीती हैं।
राज्य में सत्तारूढ़ महायुति में भाजपा जिला परिषद चुनाव में 225 सीट पर जीत दर्ज करके सबसे आगे रही, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को 165 और शिवसेना को 162 सीट पर जीत मिली।
विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) में कांग्रेस 55 सीट जीतकर सबसे आगे रही। इसके बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) को 43 और शरद पवार की राकांपा (एसपी) को 26 सीट पर जीत मिली। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने लातूर और रत्नागिरी में एक-एक सीट जीती।
बीस सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत हुई, जबकि राज्य निर्वाचन आयोग में पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त दलों को 14 और पंजीकृत दलों को सात सीट पर जीत मिली।
राकांपा ने पुणे जिला परिषद में 73 में से 51 सीट पर जीत दर्ज की। राकांपा और राकांपा (शप) ने ‘घड़ी’ चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा था। ये चुनाव 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में अजित पवार के निधन के कुछ ही दिन बाद हुए थे।
शिवसेना ने रायगढ़ जिला परिषद में 59 में से 23 सीट जीतीं। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी ने रत्नागिरि जिला परिषद में भी 56 में से 41 सीट पर जीत हासिल की।
भाजपा ने सिंधुदुर्ग में 50 में से 27 सीट जीतीं। इसके अलावा भाजपा सतारा, सोलापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव, सतारा और लातूर में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी।
कांग्रेस कोल्हापुर में सबसे बड़ी पार्टी रही।
वहीं, 125 पंचायत समितियों की 1,462 सीट में भाजपा ने 459 सीट जीतीं, इसके बाद राकांपा को 306 और शिवसेना को 302 सीट पर जीत मिली।
कांग्रेस ने 97, राकांपा (शप) ने 46 और शिवसेना (उबाठा) ने 89 सीट जीतीं।
मनसे ने दो, निर्दलीयों ने 31, राज्य निर्वाचन आयोग में पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त दलों ने 36 और राज्य के बाहर पंजीकृत दलों ने 17 सीट जीतीं।
कराड की 24 सीट के परिणाम अभी बाकी हैं।
बारह जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनावों के लिए मतगणना सुबह 10 बजे शुरू हुई थी।
इस बीच, जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में शिवसेना की सफलता से उत्साहित महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि जनता का पार्टी में भरोसा बढ़ा है और ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी पकड़ मजबूत हुई है।
शिंदे ने दिवंगत अजित पवार को भी याद किया और कहा कि यदि वे जीवित होते, तो महायुति अपनी जीत का जश्न एक साथ मनाती।
शिंदे ने कहा कि शिवसेना ने नगरपालिका परिषद, नगर पंचायत और महानगर पालिका चुनावों में सफलता के बाद जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है।
शिंदे ने कहा, “शिवसेना की इस सफलता से ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी पकड़ और मजबूत हुई है।”
उन्होंने बताया कि रत्नागिरि, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग में पार्टी की जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कोंकण के लोग शिवसेना के साथ हैं।
शिंदे ने कहा कि पार्टी को हर गांव तक ले जाने का शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे का सपना अब साकार हो रहा है।
भाषा जोहेब प्रशांत
प्रशांत