मुंबई, नौ फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र में सोमवार को घोषित हुए जिला परिषद चुनावों के नतीजों में भाजपा-नीत महायुति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 731 में से 552 सीट पर जीत हासिल की। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।
राज्य में सत्तारूढ़ महायुति में भाजपा 225 सीट के साथ सबसे आगे रही, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को 165 और शिवसेना को 162 सीट पर जीत मिली।
विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) में कांग्रेस 55 सीट जीतकर सबसे आगे रही। इसके बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) को 43 और शरद पवार की राकांपा (एसपी) को 26 सीट पर जीत मिली। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने लातूर और रत्नागिरी में एक-एक सीट जीती।
बीस सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत हुई, जबकि राज्य निर्वाचन आयोग में पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त दलों को 14 और पंजीकृत दलों को सात सीट पर जीत मिली।
राकांपा ने पुणे जिला परिषद में 73 में से 51 सीट पर जीत दर्ज की। राकांपा और राकांपा (एसपी) ने ‘घड़ी’ चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा था। ये चुनाव 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में अजित पवार के निधन के कुछ ही दिन बाद हुए थे।
शिवसेना ने रायगढ़ जिला परिषद में 59 में से 23 सीट जीतीं। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी ने रत्नागिरि जिला परिषद में भी 56 में से 41 सीट पर जीत हासिल की।
भाजपा ने सिंधुदुर्ग में 50 में से 27 सीट जीतीं। इसके अलावा भाजपा सतारा, सोलापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणि, धाराशिव, सतारा और लातूर में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी।
कांग्रेस कोल्हापुर में सबसे बड़ी पार्टी रही।
बारह जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनावों की मतगणना पूर्वाह्न 10 बजे शुरू हुई थी। हालांकि, राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत समिति चुनावों के नतीजे अभी घोषित नहीं किए हैं।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप