महाराष्ट्र उपचुनाव: बारामती में सुनेत्रा पवार आगे, राहुरी में भाजपा के अक्षय कार्डिले आगे
महाराष्ट्र उपचुनाव: बारामती में सुनेत्रा पवार आगे, राहुरी में भाजपा के अक्षय कार्डिले आगे
पुणे, चार मई (भाषा) महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख सुनेत्रा पवार बारामती विधानसभा उपचुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वियों से काफी आगे हैं।
निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अब तक उपलब्ध रुझानों के अनुसार, राहुरी विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा के अक्षय कार्डिले अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे हैं।
मतगणना के तीसरे चरण के अंत तक पवार को 26,773 वोट मिले, जबकि अन्य 22 उम्मीदवारों में से 21 अभी तक 100 वोटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए हैं।
पुणे जिले में स्थित बारामती विधानसभा क्षेत्र में 58.27 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष अजीत पवार की 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में मृत्यु के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी, जिसके कारण उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था।
उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार, जो पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं, सहानुभूति की लहर और अपने परिवार की इस सीट पर मजबूत पकड़ के चलते अपने प्रतिद्वंद्वियों पर भारी अंतर से जीत हासिल करने के लिए तैयार हैं। किसी भी प्रमुख राजनीतिक दल ने उनके खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारे हैं।
अहिल्यानगर जिले की राहुरी सीट पिछले साल अक्टूबर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक शिवाजी कार्डिले के निधन के बाद खाली हुई थी।
नवीनतम रुझानों के अनुसार, उनके बेटे और भाजपा उम्मीदवार अक्षय कार्डिले अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के उम्मीदवार गोविंद मोकाटे से 21,000 से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा में 288 सीटें हैं। सत्ताधारी महायुति गठबंधन के पास 235 सीटें (भाजपा-132, शिवसेना-57, एनसीपी अजीत-41, सहयोगी-5) हैं जबकि विपक्षी महा विकास आघाड़ी गठबंधन के पास 50 सीटें (शिवसेना उबाठा-20, कांग्रेस-16, एनसीपी एसपी-10, अन्य-4) हैं।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा

Facebook


