महाराष्ट्र : ठाणे में अस्पताल से अपहृत बच्चे को ट्रेन से बचाया गया, एक गिरफ्तार

Ads

महाराष्ट्र : ठाणे में अस्पताल से अपहृत बच्चे को ट्रेन से बचाया गया, एक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 18, 2025 / 05:08 PM IST,
    Updated On - September 18, 2025 / 05:08 PM IST

ठाणे, 18 सितंबर (भाषा) राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मुंबई के एक अस्पताल से कथित तौर पर अगवा कर लिए गए दो साल के एक बच्चे को बचा लिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। बच्चे को अगवा करने के बाद तुतारी एक्सप्रेस से ले जाया जा रहा था।

मुंबई के एक नियंत्रण कक्ष ने बुधवार तड़के पड़ोसी ठाणे रेलवे पुलिस को तुतारी एक्सप्रेस के एस2 कोच में एक संदिग्ध व्यक्ति के एक बच्चे को लेकर भागने की कोशिश के बारे में सतर्क किया। तुतारी एक्सप्रेस मुंबई के दादर से महाराष्ट्र के ठाणे जिले के सावंतवाड़ी के बीच चलती है।

इसके बाद जीआरपी की एक टीम ठाणे रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां ट्रेन रुकने वाली थी।

जीआरपी की एक विज्ञप्ति में कहा गया कि टीम ने संदिग्ध को पकड़ लिया और बच्चे को बचा लिया।

आरोपी की पहचान सिंधुदुर्ग जिले के देवगढ़ तालुका के इंदिल गांव निवासी अमोल अनंत उदलकर (42) के रूप में हुई है और उसे हिरासत में ले लिया गया है।

विस्तृत पूछताछ से पता चला कि बच्चे का पहले ही मुंबई के केईएम अस्पताल से अपहरण कर लिया गया था और इस संबंध में भोईवाड़ा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया जा चुका था।

पुलिस ने बताया कि बचाए गए बच्चे को मेडिकल जांच के लिए सौंप दिया गया और बाद में सुरक्षा और पुनर्वास के लिए उसे ठाणे के डोंबिवली स्थित एक धर्मार्थ ट्रस्ट की देखरेख में भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी को आगे की जांच के लिए मुंबई में भोईवाड़ा पुलिस को सौंप दिया गया है।

भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश

पवनेश