ठाणे स्टेशन की कैंटीन में गंदगी का आरोप, सांसद म्हास्के ने कार्रवाई की मांग की

Ads

ठाणे स्टेशन की कैंटीन में गंदगी का आरोप, सांसद म्हास्के ने कार्रवाई की मांग की

  •  
  • Publish Date - July 18, 2026 / 08:10 PM IST,
    Updated On - July 18, 2026 / 08:10 PM IST

ठाणे, 18 जुलाई (भाषा) शिवसेना सांसद नरेश म्हास्के ने ठाणे रेलवे स्टेशन में खानपान की व्यवस्था करने वाले ठेकेदार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

म्हास्के के कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक को सौंपे ज्ञापन में कहा कि स्टेशन की कैंटीन में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर कई यात्रियों ने शिकायतें की हैं।

विज्ञप्ति के अनुसार, मध्य रेलवे की मंडलीय रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति और शिवसेना के एक स्थानीय पदाधिकारी द्वारा किए गए निरीक्षण में यात्रियों की शिकायतें सही पाई गईं।

म्हास्के ने अपने ज्ञापन में आरोप लगाया कि ठाणे रेलवे स्टेशन की कैंटीन और रसोई परिसर अत्यंत गंदी स्थिति में मिले, जो भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के निर्धारित मानकों का उल्लंघन है।

उन्होंने दावा किया कि निरीक्षण के दौरान बिक्री के लिए रखे गए शीतल पेय और खाद्य पदार्थों की उपभोग की अवधि समाप्त हो चुकी थी, जबकि खाना बनाने में सड़ी-गली और कीड़ों वाली सब्जियों का इस्तेमाल किया जा रहा था।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भोजन तैयार करने में जला हुआ और बार-बार इस्तेमाल किया गया तेल उपयोग में लाया जा रहा था।

विज्ञप्ति के अनुसार, सांसद ने रेलवे अधिकारियों से ठेकेदार के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।

भाषा

राखी माधव

माधव