महाराष्ट्र : कोल्हापुर के ज्योतिबा मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं और पुजारियों के बीच झड़प

Ads

महाराष्ट्र : कोल्हापुर के ज्योतिबा मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं और पुजारियों के बीच झड़प

  •  
  • Publish Date - March 23, 2026 / 08:26 PM IST,
    Updated On - March 23, 2026 / 08:26 PM IST

मुंबई, 23 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र में कोल्हापुर के ज्योतिबा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और पुजारियों के बीच हुई झड़प के सिलसिले में 10 पुजारियों और 15 श्रद्धालुओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

कोडोली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार अपराह्न मंदिर की पालकी को रोके जाने के बाद श्रद्धालुओं पर हमला करने के आरोप में पुजारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘करवीर गांव के श्रद्धालु धार्मिक जुलूसों में प्रयुक्त पवित्र छड़ी ‘शशन काठी’ लेकर मंदिर आए थे। जब ये श्रद्धालु नृत्य कर रहे थे तभी वहां से निकल रही मंदिर के देवता की पालकी को बाधा का सामना करना पड़ा। जब पुजारियों ने श्रद्धालुओं को नृत्य करने से रोकने और पालकी के लिए रास्ता बनाने का प्रयास किया, तो दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस झड़प में श्रद्धालुओं ने पुजारियों के साथ हाथापाई की, जिसके जवाब में 10 पुजारियों ने भी हमला किया। ग्राम प्रधान के हस्तक्षेप से झड़प शांत हुई, जिन्होंने मंदिर को लिखित माफीनामा सौंपा। इस घटना के सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत 15 श्रद्धालुओं और 10 पुजारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।’’

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में नामजद सभी लोगों को नोटिस जारी कर दिया गया है और विस्तृत जांच जारी है।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश