नागपुर, दो मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर जिले में डेटोनेटर बनाने वाली एक इकाई में हुए भीषण विस्फोट में मारे गए 19 श्रमिकों में से 12 के शव डीएनए मिलान पूरा होने के बाद उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, रविवार सुबह नागपुर जिले की कटोल तहसील के राउलगांव में खनन और औद्योगिक विस्फोटक निर्माता कंपनी एसबीएल एनर्जी लिमिटेड की डेटोनेटर बनाने वाली इकाई में हुए विस्फोट में कम से कम 19 श्रमिकों की मौत हो गई और 23 अन्य घायल हो गए।
इनमें से 18 श्रमिकों के बुरी तरह झुलसे हुए शवों को डीएनए विश्लेषण और पहचान के लिए नागपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में रखा गया था।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि डीएनए मिलान पूरा होने के बाद 12 श्रमिकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं और शेष छह शव आज रात ही परिवारों को सौंप दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 19वें मजदूर की अस्पताल में इलाज के दौरान, चोटों के कारण मौत हो गई, इसलिए उसकी पहचान करने की जरूरत नहीं पड़ी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि विस्फोट प्रभावित इकाई (एसबीएल एनर्जी) का संचालन करने वाली कंपनी प्रत्येक मृतक के परिवार को 75 लाख रुपये और प्रत्येक घायल व्यक्ति को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने पर सहमत हो गई है। फडणवीस ने एक निजी अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की।
भाषा रवि कांत रवि कांत सुभाष
सुभाष