महाराष्ट्र को फिल्म निर्माण का बड़ा केंद्र बनाने की तैयारी, सरकार ने गठित की विशेषज्ञ समिति

Ads

महाराष्ट्र को फिल्म निर्माण का बड़ा केंद्र बनाने की तैयारी, सरकार ने गठित की विशेषज्ञ समिति

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 08:22 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 08:22 PM IST

मुंबई, 11 मई (भाषा) महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने फिल्म उद्योग के लिए प्रोत्साहन-आधारित नीतियों के अध्ययन हेतु तीन सदस्यीय विशेषज्ञ समिति गठित करने का सोमवार को आदेश दिया जिसका उद्देश्य महाराष्ट्र को फिल्म निर्माण के एक प्रमुख गंतव्य के रूप में और मजबूत करना है।

समिति को तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट तैयार करते समय अनुदान और सहायता प्रणालियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मंत्री ने यह निर्देश सह्याद्री अतिथि गृह में हिंदी फिल्म निर्माताओं और निर्माण कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में दिए। इस बैठक में मुंबई और महाराष्ट्र में फिल्म निर्माण के दौरान आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की गई।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘शेलार ने समिति को निर्देश दिया कि वह देश के विभिन्न राज्यों और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों द्वारा फिल्म उद्योग को दी जा रही सुविधाओं, प्रोत्साहनों और सहायता प्रणालियों का अध्ययन करे और महाराष्ट्र को फिल्म निर्माण के प्रमुख गंतव्य के रूप में मजबूत करने के उपाय सुझाए।’’

बयान में कहा गया कि उद्योग के विकास के लिए आवश्यक ढांचे, अनुमतियों और नीति सुधारों से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि सरकार पूरे राज्य में नए फिल्मांकन केंद्र विकसित करने पर ध्यान दे रही है, जिसमें कोल्हापुर में दो से तीन नए शूटिंग स्थल और एक रेलवे स्टेशन का सेट भी शामिल है।

बयान में बताया गया कि नागपुर के रामटेक और नासिक में नयी फिल्म सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है और विकास कार्य शुरू हो गया है।

भाषा खारी अविनाश

अविनाश