खेत जोतती किसान की पत्नी का वीडियो सामने आने पर महाराष्ट्र सरकार ने दंपति को बैल सौंपा

खेत जोतती किसान की पत्नी का वीडियो सामने आने पर महाराष्ट्र सरकार ने दंपति को बैल सौंपा

खेत जोतती किसान की पत्नी का वीडियो सामने आने पर महाराष्ट्र सरकार ने दंपति को बैल सौंपा
Modified Date: June 10, 2026 / 08:58 pm IST
Published Date: June 10, 2026 8:58 pm IST

लातूर, 10 जून (भाषा) खेत में हल खींचती एक किसान की पत्नी का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के एक दिन बाद, महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को दंपति को एक बैल सौंपा ताकि वे खेती-बारी में उसका इस्तेमाल कर सकें।

लातूर जिले के देवनी तहसील के बोंबली खुर्द गांव के किसान काशीनाथ गायकवाड़ के दो बैलों में से एक की गत पांच जून को आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई थी।

वीडियो में दंपति को खेत जोतते देखा जा सकता है। वीडियो में, किसान की पत्नी हौसाबाई हल का एक सिरा खींचते नजर आ रही है, क्योंकि दंपति दूसरा बैल खरीदने या किराये पर लेने में असमर्थ हैं।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने मंगलवार को यह वीडियो साझा करते हुए कहा था कि यह महाराष्ट्र के किसानों की दुर्दशा को दर्शाता है।

एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने कार्यालय को दंपति को राहत देने के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए।

इसमें कहा गया कि बुधवार को पशुपालन विभाग ने एक बैल की व्यवस्था की और उसे गायकवाड़ परिवार को सौंप दिया।

विज्ञप्ति के अनुसार, आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर परिवार के लिए राज्य आपदा मोचन कोष (एसडीआरएफ) के तहत मुआवजे को भी मंजूरी दे दी गई है। इसमें कहा गया कि हौसाबाई ने इस त्वरित मदद के लिए सरकार का आभार जताया है।

भाषा सुमित सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में