प्रधानमंत्री मोदी बारामती के विद्या प्रतिष्ठान में होने वाले कार्यक्रम में हो सकते हैं शामिल : पवार
प्रधानमंत्री मोदी बारामती के विद्या प्रतिष्ठान में होने वाले कार्यक्रम में हो सकते हैं शामिल : पवार
पुणे, 18 अगस्त (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-शप) के प्रमुख शरद पवार ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अक्टूबर के मध्य में महाराष्ट्र के बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान परिसर में बने ‘प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन कर सकते हैं। पवार, विद्या प्रतिष्ठान के अध्यक्ष हैं।
‘प्रेरणा स्थल’ में भगवान बुद्ध की एक प्रतिमा है, साथ ही यहां छत्रपति शिवाजी महाराज, डॉ. बी. आर. आंबेडकर और महात्मा ज्योतिबा फुले जैसी महान हस्तियों और समाज सुधारकों से जुड़ी प्रदर्शनियां, एक ध्यान कक्ष और योग केंद्र भी हैं।
शरद पवार ने एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘सोलह अक्टूबर को विद्या प्रतिष्ठान का स्थापना दिवस है। अगर सब कुछ तय हो गया, तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उसी दिन ‘प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘तारीख आगे-पीछे हो सकती है, लेकिन अगर प्रधानमंत्री 20 अक्टूबर की तारीख भी देते हैं, तो मैं उसे स्वीकार करने के लिए तैयार हूं।’’
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


