महाराष्ट्र : ठाणे में ट्रक से 1.89 करोड़ रुपये की शराब जब्त
महाराष्ट्र : ठाणे में ट्रक से 1.89 करोड़ रुपये की शराब जब्त
ठाणे, पांच जून (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में आबकारी विभाग ने पनवेल-मुंब्रा राजमार्ग पर एक ट्रक से 1.89 करोड़ रुपये मूल्य की भारतीय निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल) की 73,440 बोतलें जब्त की हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
राज्य आबकारी विभाग के कोंकण संभाग के उपायुक्त प्रदीप पवार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार शाम को यह कार्रवाई की गई।
पवार ने बताया कि ट्रक चालक ने दावा किया था कि वाहन में वाहनों के पुर्जे (ऑटोमोबाइल पार्ट्स) लदे हैं, लेकिन तलाशी लेने पर उसमें से गोवा निर्मित व्हिस्की की 73,440 बोतलें बरामद हुईं। इन बोतलों पर कोई बैच नंबर या अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) अंकित नहीं था और महाराष्ट्र में इनकी बिक्री पर प्रतिबंध है।
उन्होंने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ महाराष्ट्र निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और शराब तस्करी की इस घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
अधिकारी के अनुसार, पिछले सप्ताह पुणे में हुई शराब त्रासदी के मद्देनजर आबकारी विभाग ने अन्य राज्यों से आने वाली नकली और अवैध शराब के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव

Facebook


