महाराष्ट्र: मंत्री सरनाइक से लिखित आश्वासन मिलने के बाद ट्रांसपोर्टरों ने हड़ताल स्थगित की

Ads

महाराष्ट्र: मंत्री सरनाइक से लिखित आश्वासन मिलने के बाद ट्रांसपोर्टरों ने हड़ताल स्थगित की

  •  
  • Publish Date - March 5, 2026 / 07:18 PM IST,
    Updated On - March 5, 2026 / 07:18 PM IST

मुंबई, पांच मार्च (भाषा) महाराष्ट्र ट्रांसपोर्ट एक्शन कमेटी (एम-टैक) ने बृहस्पतिवार शाम घोषणा की कि आधी रात से शुरू होने वाली उसकी अनिश्चितकालीन हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है।

यह फैसला राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक से लिखित आश्वासन मिलने के बाद लिया गया, जिसमें कहा गया है कि बजट सत्र समाप्त होने के बाद परिवहन से जुड़े मुद्दों पर ध्यान दिया जाएगा।

‘स्कूल बस ओनर्स एसोसिएशन’ के नेता अनिल गर्ग ने कहा, “मंत्री के अनुरोध के बाद हड़ताल एक सप्ताह के लिए टाल दी गई है, इसलिए आधी रात से हड़ताल नहीं होगी।”

निजी बस मालिकों के एक अन्य नेता हर्ष कोटक ने कहा कि ई-चालान और अन्य मुद्दों पर सरनाइक के लिखित आश्वासन के अलावा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी वीडियो कॉल के जरिए उनसे बात की और भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों का समाधान किया जाएगा।

कोटक ने कहा, “अगले सप्ताह एक बैठक होने की संभावना है, जिसके बाद हम हड़ताल के बारे में आगे की रणनीति तय करेंगे।”

अपने पत्र में सरनाइक ने ट्रांसपोर्टरों से कहा कि फिलहाल प्रशासन बजट सत्र में व्यस्त है और सत्र के बाद परिवहन से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लेने के प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने यह भी लिखा कि ईरान युद्ध के कारण माल के निर्यात पर असर पड़ा है।

सरनाइक ने कहा कि राज्य में जारी स्कूल परीक्षाओं को देखते हुए यात्रियों की आवाजाही और अधिक प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसलिए उन्होंने पांच मार्च की आधी रात से प्रस्तावित हड़ताल को वापस लेने का आग्रह किया।

इससे पहले एम-टैक ने घोषणा की थी कि अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान स्कूल बसें, कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बसें, निजी बसें और ट्रक, टेंपो, टैक्सी तथा टैंकर जैसे व्यावसायिक वाहन नहीं चलेंगे।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश