महाराष्ट्र : फलों पर चूहे मारने की दवा लगाने के आरोप में दो विक्रेता गिरफ्तार
महाराष्ट्र : फलों पर चूहे मारने की दवा लगाने के आरोप में दो विक्रेता गिरफ्तार
मुंबई, 25 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में फलों पर चूहे मारने की दवा लगाने के आरोप में बुधवार को दो विक्रेताओं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपियों की पहचान मलाड के पश्चिमी उपनगर में एक स्थानीय बाजार के फल विक्रेता मनोज कुमार केसरवानी और बिपिन केसरवानी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि फल विक्रेताओं की दुकान को सील कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई स्थानीय निवासी की शिकायत के बाद की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों द्वारा फलों पर कथित जहरीला पदार्थ लगाने का एक वीडियो भी पुलिस के साथ साझा किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि वे फलों को चूहों से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए उन पर चूहे मारने की दवा लगाते थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश

Facebook


