महाराष्ट्र महिला आयोग ने अशोक खरात मामले में एसआईटी गठित करने की मांग की

महाराष्ट्र महिला आयोग ने अशोक खरात मामले में एसआईटी गठित करने की मांग की

महाराष्ट्र महिला आयोग ने अशोक खरात मामले में एसआईटी गठित करने की मांग की
Modified Date: March 20, 2026 / 10:15 pm IST
Published Date: March 20, 2026 10:15 pm IST

मुंबई, 20 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग ने राज्य पुलिस प्रमुख को पत्र लिखकर नासिक में स्वयंभू बाबा अशोक खरात से जुड़े कथित बलात्कार मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि आयोग की अध्यक्ष और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की नेता रुपाली चाकणकर खुद खरात से कथित संबंधों के चलते आलोचना का सामना कर रही हैं। खरात को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार शाम चाकणकर को इस्तीफा देने के लिए कहा है।

चाकणकर ने पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते को लिखे पत्र में कहा कि खरात ने 35 वर्षीय महिला से कथित रूप से तीन साल के दौरान कई बार यौन उत्पीड़न किया।

पत्र में उल्लेख किया गया कि नासिक के सरकारवाडा थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने खरात के पास से 50 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो बरामद किए हैं, जिससे यह पता चलता है कि इस मामले में कई पीड़ित हैं।

चाकणकर ने कहा कि आरोपों की गंभीरता और अधिक महिलाओं के उत्पीड़न की आशंका को देखते हुए जांच एसआईटी को सौंपनी चाहिए, ताकि व्यापक और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।

पत्र में यह भी कहा गया कि वीडियो में दिखाई देने वाली महिलाओं की पहचान की जाए, लेकिन गोपनीयता बनाए रखते हुए उन्हें आवश्यक सुरक्षा और समर्थन भी दिया जाए।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में