‘टेलीग्राम’ पर बाल अश्लील सामग्री बेचने के आरोप में व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Ads

'टेलीग्राम' पर बाल अश्लील सामग्री बेचने के आरोप में व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 07:47 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 07:47 PM IST

मुंबई, चार जून (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस की साइबर इकाई ने ‘टेलीग्राम’ पर बाल यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार सामग्री (सीएसईएएम) की कथित बिक्री के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर महाराष्ट्र पुलिस की साइबर इकाई ने आरोपी की तलाश शुरू की। इस दौरान डार्क नेट और अन्य ऑनलाइन मंच सहित डिजिटल प्रणाली की निरंतर निगरानी की गई।

उन्होंने कहा, ‘महाराष्ट्र साइबर विभाग ने तकनीकी सत्यापन और खुफिया जानकारी पर आधारित विश्लेषण भी किया, जिसमें यूपीआई आईडी की जांच भी शामिल थी। पूछताछ और सार्वजनिक स्रोतों से मिली जानकारी से आदिराज राजेंद्र बैत का पता लगाने में मदद मिली, जिसके बाद उसे पूछताछ के लिए लाया गया। डिजिटल फोरेंसिक जांच के लिए उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है।’

अधिकारी ने बताया कि फोरेंसिक विश्लेषण में पाया गया कि आरोपी ने कथित तौर पर बेचने और आगे प्रसारित करने के लिए डिवाइस में बाल यौन शोषण से संबंधित सामग्री को सुरक्षित किया था।

उन्होंने बताया कि विभाग ने आपराधिक मामला दर्ज कर जांच और उचित कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी को नवी मुंबई स्थित एनआरआई थाने को सौंप दिया है।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश