नवी मुंबई में तीन दिन की तलाश के बाद बांध से व्यक्ति का शव बरामद
नवी मुंबई में तीन दिन की तलाश के बाद बांध से व्यक्ति का शव बरामद
ठाणे, 29 जुलाई (भाषा) नवी मुंबई के एक बांध में तीन दिन पहले डूबे 28 वर्षीय व्यक्ति का शव बुधवार सुबह व्यापक तलाशी और बचाव अभियान के बाद बरामद कर लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नवी मुंबई नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख सचिन कदम ने बताया कि मृतक की पहचान विष्णुनगर की एक चॉल में रहने वाले अंकुश गोड के रूप में हुई है। वह रविवार शाम करीब छह बजे ठाणे-बेलापुर मार्ग पर स्थित मोगली बांध में तैरने के दौरान लापता हो गया था।
उन्होंने बताया कि अंकुश के लापता होने की सूचना मिलने के बाद बचाव दल ने नावों की मदद से व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया और गहरे पानी में खोज अभियान में सहायता के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम को भी बुलाया गया था।
कदम ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे बांध में शव मिला और दमकल विभाग तथा एनडीआरएफ की टीम की मदद से उसे बाहर निकाला गया।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी

Facebook


