पवार नीत शैक्षणिक संस्था बारामती में निर्मित इमारत का प्रधानमंत्री से उद्घाटन कराने को इच्छुक

पवार नीत शैक्षणिक संस्था बारामती में निर्मित इमारत का प्रधानमंत्री से उद्घाटन कराने को इच्छुक

पवार नीत शैक्षणिक संस्था बारामती में निर्मित इमारत का प्रधानमंत्री से उद्घाटन कराने को इच्छुक
Modified Date: July 29, 2026 / 09:30 am IST
Published Date: July 29, 2026 9:30 am IST

पुणे, 29 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र में पुणे जिले के बारामती स्थित एक शिक्षण संस्थान के न्यासियों ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार से अनुरोध किया है कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को वहां हाल में बनी इमारत का उद्घाटन करने के लिए आमंत्रित करें।

इस गुंबद युक्त इमारत में भगवान बुद्ध की प्रतिमा और महान समाज सुधारकों से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई गई है।

पुणे के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान ‘विद्या प्रतिष्ठान’ के अध्यक्ष पवार ने न्यासियों को भरोसा दिलाया है कि वह प्रधानमंत्री से मिलने का समय लेंगे ताकि उन्हें न्यासियों की भावनाओं से अवगत करा सकें और ‘प्रेरणा स्थल’ नामक नवनिर्मित इमारत के उद्घाटन के लिए उन्हें आमंत्रित कर सकें।

पवार के गृहनगर बारामती में संस्थान के परिसर में निर्मित इस इमारत में भगवान बुद्ध, छत्रपति शिवाजी महाराज, राजर्षि शाहू महाराज, महात्मा ज्योतिबा फुले, डॉ. बीआर आंबेडकर, अहिल्यादेवी होल्कर और अन्नाभाऊ साठे से जुड़ी प्रदर्शनियां हैं।

विद्या प्रतिष्ठान के एक न्यासी ने मंगलवार को बताया कि इस इमारत में एक संग्रहालय, एक ध्यान केंद्र और एक योग केंद्र भी है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम इसे ‘प्रेरणा स्थल’ कह रहे हैं क्योंकि इसका उद्देश्य यहां आने वाले लोगों को इन महान हस्तियों के जीवन और कार्यों के जरिए प्रेरित करना है।’’

न्यासी ने बताया कि परियोजना की समीक्षा करने हाल में आए पवार से विद्या प्रतिष्ठान के न्यासियों ने अनुरोध किया कि वह इस सुविधा का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रित करें।

उन्होंने कहा, ‘‘पवार ने हमसे संस्थान की ओर से एक औपचारिक पत्र देने को कहा और भरोसा दिलाया कि वह प्रधानमंत्री से मिलने का समय लेंगे।’’

भाषा धीरज सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में