लातूर, एक जून (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले में ग्रामीणों के एक समूह ने मानसिक रूप से अस्थिर एक व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक इस घटना के सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि 29 मई को लातूर के अहमदपुर तहसील के हाडोल्टी गांव में हुई इस घटना के सिलसिले में पुलिस ने 50 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
उन्होंने बताया कि छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक दिलीप उर्फ विलास नागोराव कालगिरे (40) मानसिक रूप से अस्थिर था और घटना वाले दिन उसने सड़क पर कुछ ग्रामीणों की पिटाई की तथा उनमें से एक को लोहे की रॉड से गंभीर रूप से घायल कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद 50 से 60 ग्रामीणों के एक समूह ने दिलीप को एक पेड़ से बांध दिया और उसकी पिटाई की, जिसके बाद उसे अहमदपुर के एक अस्पताल ले जाया गया और बृहस्पतिवार को लातूर के सरकारी अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
भाषा रवि कांत प्रशांत
प्रशांत