मुंबई, 17 जून (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत आने वाले भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) ने साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने और पीड़ितों को राहत देने के लिए दो नये पोर्टल शुरू किये हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
ये दो नये पोर्टल शिकायत निवारण तंत्र (जीआरएम) और धन वापसी तंत्र (एमआरएम) हैं।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) बजरंग बनसोडे ने कहा कि जीआरएम पोर्टल उन बैंक खातों से लेनदेन फिर से चालू करने में मदद करेगा जिनमें गलती से इसे रोक दिया गया था। वहीं, एमआरएम पोर्टल साइबर धोखाधड़ी के पीड़ितों को रकम वापस पाने में मदद करेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘ये पोर्टल पुलिस, बैंकों और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) के बीच सीधा तालमेल स्थापित करेंगे। साइबर धोखाधड़ी होने पर, लोगों को तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करना चाहिए या एनसीआरपी पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।’’
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि एमआरएम पोर्टल को साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के पीड़ितों को एक सुविधाजनक तरीका उपलब्ध कराने के लिए बनाया गया है, ताकि वे शिकायत दर्ज कराने के बाद रकम वापस पा सकें।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश