पुणे में मामूली विवाद सांप्रदायिक तनाव में बदला, भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया

Ads

पुणे में मामूली विवाद सांप्रदायिक तनाव में बदला, भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 01:41 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 01:41 PM IST

पुणे, 19 मई (भाषा) पुणे में नाबालिग लड़कों के बीच मामूली कहासुनी की वजह से मध्यरात्रि में अलग-अलग समुदायों के दो समूहों के बीच झड़प हो गई और जब पुलिस टीम ने इस तनाव को कम करने की कोशिश की तो भीड़ ने उन पर पथराव किया।

एक अधिकारी के अनुसार, यह झड़प सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात कोंढवा इलाके में हुई, हालांकि, कोई भी इसमें घायल नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और हिंसा में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

पुणे पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘यह घटना रात 11 बजे से देर रात दो के बीच कोंढवा की एक आवासीय सोसाइटी में कुछ नाबालिग लड़कों के बीच मामूली कहासुनी के बाद हुई। विवाद तब और बढ़ गया जब दो समुदायों के वयस्क भी इसमें शामिल हो गए।’

उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को भांपते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर स्थिती संभालने की कोशिश की लेकिन पुलिसकर्मियों पर भी पत्थर फेंके गए।

उन्होंने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया था।

अधिकारी के मुताबिक, घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कोंढवा थाने के पास लोग जमा हुए हैं और सड़क पर बैठकर यातायात अवरुद्ध करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

भाषा

प्रचेता वैभव

वैभव