मनसे, शिवसेना (उबाठा) मुंबई में चार अक्टूबर को निर्वाचन आयोग के खिलाफ मोर्चा निकालेंगे: राज ठाकरे

मनसे, शिवसेना (उबाठा) मुंबई में चार अक्टूबर को निर्वाचन आयोग के खिलाफ मोर्चा निकालेंगे: राज ठाकरे

मनसे, शिवसेना (उबाठा) मुंबई में चार अक्टूबर को निर्वाचन आयोग के खिलाफ मोर्चा निकालेंगे: राज ठाकरे
Modified Date: September 29, 2026 / 12:50 pm IST
Published Date: September 29, 2026 12:50 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

मुंबई, 29 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) चार अक्टूबर को मुंबई में निर्वाचन आयोग के खिलाफ एक मोर्चा निकालेगी।

राज ठाकरे ने अपने चचेरे भाई और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ यहां एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम इस मोर्चे के लिए सभी पार्टियों को आमंत्रित करेंगे। सत्तारूढ़ पार्टियों का भी स्वागत है।’’

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कई विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार की आलोचना और उनके इस्तीफे की मांग कर चुके हैं। यह मामला तब सामने आया जब अंग्रेजी दैनिक ‘इंडियन एकसप्रेस’ में खबर आई कि निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने 10 महीने की अवधि में कम से कम 14 मौकों पर फैसलों और आदेशों पर आपत्तियां दर्ज की थीं। उनका कहना था कि इनमें से कुछ फैसले उनकी जानकारी के बिना लिए गए थे।

निर्वाचन आयोग ने एक बयान में स्पष्ट किया है कि तीन सदस्यीय आयोग ने मतदाता सूची के एसआईआर से संबंधित फैसले समेत सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए थे।

एसआईआर विवाद के बीच सोमवार को विपक्षी दल कांग्रेस ने सीईसी कुमार के खिलाफ देश भर में विरोध प्रदर्शन किए और उनके पुतले जलाए। पार्टी ने कहा कि जब तक उन्हें हटाया नहीं जाता उनके खिलाफ विरोध और तेज होता जाएगा।

केरल कैडर के 1988 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी कुमार को 31 जनवरी 2024 को सेवा से अवकाश ग्रहण करने के बाद 15 मार्च 2024 को निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया था। उन्होंने पिछले साल 19 फरवरी को देश के 26वें सीईसी के रूप में कार्यभार संभाला था।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में