मुंबई में पुलिस वैन रोकने वाली मॉडल रिया अहीर ने ऑनलाइन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई
मुंबई में पुलिस वैन रोकने वाली मॉडल रिया अहीर ने ऑनलाइन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई
मुंबई, 27 जुलाई (भाषा) मुंबई में पिछले सप्ताह छात्रों के प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस वाहन का रास्ता रोकने के कारण चर्चा में आई मॉडल रिया अहीर ने सोशल मीडिया पर खुद को निशाना बनाए जाने और ऑनलाइन उत्पीड़न किए जाने के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
दादर के शिवाजी पार्क में 22 जुलाई को बारिश के बीच हुए प्रदर्शन की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर प्रसारित हुई थी, जिसमें रिया अहीर हिरासत में लिए गए युवा प्रदर्शनकारियों को ले जा रही पुलिस वैन के आगे खड़ी नजर आ रही थीं। धूसर रंग की हुडी पहने अहीर की पुलिस वाहन के आगे डटकर खड़े रहने की यह तस्वीर मुंबई में हुए विरोध-प्रदर्शन की सबसे चर्चित तस्वीरों में से एक बन गई।
साइबर पुलिस को दी गई शिकायत में, अहीर ने दावा किया कि पुलिस वैन को रोकते हुए उनकी तस्वीर वायरल होने के बाद, उन्हें सोशल मीडिया पर ‘डीप-फेक’ वीडियो और अभद्र भाषा के जरिये निशाना बनाया जा रहा है।
अहीर ने आरोप लगाया कि इसमें मानहानि, छेड़छाड़ की गई तस्वीरें, महिला-द्वेषी गालियां, आपराधिक धमकी और लक्षित उत्पीड़न से जुड़ा एक सुनियोजित ऑनलाइन नफरती अभियान शामिल है।
उन्होंने पुलिस के समक्ष कुछ डिजिटल साक्ष्य, सोशल मीडिया खातों की जानकारी और उनके स्क्रीनशॉट सौंपे हैं। उन्होंने कहा कि विरोध-प्रदर्शन की फोटो सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया खातों से लगातार उनके खिलाफ अभद्र और मानहानिकारक बातें फैलाई जा रही हैं।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप

Facebook


