महाराष्ट्र के अमरावती में विषाक्त भोजन के सेवन के बाद 100 से अधिक आदिवासी छात्र अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र के अमरावती में विषाक्त भोजन के सेवन के बाद 100 से अधिक आदिवासी छात्र अस्पताल में भर्ती
अमरावती (महाराष्ट्र), 27 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के अमरावती जिले के तीन आवासीय विद्यालयों के 100 से अधिक आदिवासी विद्यार्थियों को संदिग्ध खाद्य विषाक्तता की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आदिवासी विकास परियोजना अधिकारी (धारणी) सिद्धार्थ शुक्ला ने कहा कि इन विद्यालयों को भोजन आपूर्ति करने वाले केंद्रीय रसोई के संचालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
आवासीय विद्यालयों में खाना खाने के बाद छात्रों ने उल्टी की शिकायत की।
अधिकारी ने बताया कि शनिवार को 69 छात्रों को धारणी के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि रविवार को धारणी तहसील के बिजुधावड़ी और सावलिखेड़ा के सरकारी आवासीय विद्यालयों में 70 छात्रों में भी ऐसे ही लक्षण दिखे और उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि अधिकतर बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि 32 छात्र अब भी चिकित्सकों की निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर है।
भाषा सुरभि अमित
अमित

Facebook


