मानसून सत्र: मुंबई में भारी बारिश के कारण महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही स्थगित

मानसून सत्र: मुंबई में भारी बारिश के कारण महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही स्थगित

मानसून सत्र: मुंबई में भारी बारिश के कारण महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही स्थगित
Modified Date: July 6, 2026 / 12:24 pm IST
Published Date: July 6, 2026 12:24 pm IST

मुंबई, छह जुलाई (भाषा) मुंबई और आस-पास के इलाकों में भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने सदन की कार्यवाही स्थगित करते हुए लोगों से अपील की कि वे इस स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन का सहयोग करें।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए मुंबई और उसके पड़ोसी जिलों ठाणे और रायगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है।

पिछले दो दिनों में बारिश के कारण हुई मौतों का मुद्दा सदन में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार द्वारा उठाया गया, जिसका अमीन पटेल (कांग्रेस) और अजय चौधरी (शिवसेना-उबाठा) ने भी समर्थन किया।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सरकार और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी कमियां या खामियां पाई जाएंगी, उन्हें तुरंत दुरुस्त किया जाएगा।

उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मुंबई-पुणे मार्ग पर भूस्खलन को लेकर तुरंत अलर्ट जारी कर दिए गए थे।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन और नागरिक प्रशासन की टीमें मैदान में मुस्तैद हैं और स्थिति से निपट रही हैं।

महानगर में आज दोपहर के समय 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

फडणवीस ने कहा, ‘आज का दिन भी काफी चुनौतीपूर्ण है। अकेले कल ही 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण पेड़ गिरने की 350 घटनाएं सामने आईं।’

भाषा तान्या वैभव

वैभव


लेखक के बारे में