मातृत्व ने जीवन और काम के प्रति दृष्टिकोण बदल दिया है: रुबीना दिलाइक
मातृत्व ने जीवन और काम के प्रति दृष्टिकोण बदल दिया है: रुबीना दिलाइक
मुंबई, 29 मई (भाषा) टीवी अभिनेत्री रुबीना दिलाइक का मानना है कि मातृत्व ने उनका जीवन और काम के प्रति उनके दृष्टिकोण को बदल दिया है और वह अब नये अवसरों को तलाशने के लिए उत्सुक हैं।
रुबीना जल्द ही रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में नज़र आने वाली हैं।
रुबीना ‘छोटी बहू’, ‘शक्ति – अस्तित्व के एहसास की’ और ‘पुनर्विवाह’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों के लिए पहचानी जाती हैं। उन्होंने कहा कि 2023 में जुड़वा बेटियों की मां बनने के बाद भी करियर के लिए उनकी महत्वाकांक्षाओं में कोई कमी नहीं आई है।
अभिनेत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘ हमसे उम्मीद की जाती है कि हम साड़ी पहनें, गाने गाएं, सपनों में खोई रहें और संकट में फंसी युवती का किरदार निभाएं। लेकिन जब हम ‘खतरों के खिलाड़ी’ जैसे शो में आते हैं, तो हम न केवल दूसरों को बल्कि खुद को भी आश्चर्यचकित कर देते हैं। जो चीजें लोगों को लगती हैं कि हम नहीं कर सकते, वो हम कर दिखाते हैं।’’
दिलाइक ने कहा, ‘‘ अगर आप मुझसे पूछें कि मां बनने के बाद मुझमें क्या बदलाव आया है, तो मैं कहूंगी निडरता। जिस क्षण एक महिला मां बनती है, वह एक दिव्य शक्ति का प्रतीक बन जाती है। यह निडरता आपके द्वारा पूछे जाने वाले प्रश्नों, आपके व्यवहार और जीवन एवं करियर के प्रति आपके दृष्टिकोण में झलकती है।’’
दिलाइक जोखिम भरे प्रदर्शनों पर आधारित इस रियलिटी शो के प्रतियोगियों में से एक हैं। इसमें करण वाही, ऋत्विक धनजानी, गौरव खन्ना, जैस्मिन भसीन जैसे कई सितारे शामिल हैं।
इस शो को फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी प्रस्तुत करेंगे। इसकी शूटिंग फिलहाल दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में की जा रही है।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना

Facebook


