साहिल आत्महत्या मामला: परिजन अपराध शाखा कार्यालय में आठ घंटे रहे, फोन खोलने की कोशिश जारी

साहिल आत्महत्या मामला: परिजन अपराध शाखा कार्यालय में आठ घंटे रहे, फोन खोलने की कोशिश जारी

साहिल आत्महत्या मामला: परिजन अपराध शाखा कार्यालय में आठ घंटे रहे, फोन खोलने की कोशिश जारी
Modified Date: September 25, 2026 / 08:52 pm IST
Published Date: September 25, 2026 8:52 pm IST

मुंबई, 25 सितंबर (भाषा) आईआईटी-बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोड़े के माता-पिता शुक्रवार को मुंबई अपराध शाखा के बांद्रा पश्चिम स्थित कार्यालय में आठ घंटे रहे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

साहिल ने 18 सितंबर को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।

अधिकारी ने बताया कि वे पूर्वाह्न 10 बजे कार्यालय पहुंचे और शाम करीब छह बजे रवाना हुए।

उन्होंने बताया कि माता-पिता के बयान पहले ही दर्ज किए जा चुके हैं हालांकि अपराध शाखा के अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि इस आठ घंटे के दौरान कोई अतिरिक्त जानकारी या बयान दर्ज किया गया या नहीं।

साहिल वाकोडे की कथित आत्महत्या के मामले में पुलिस ने संस्थान के छात्रों और कर्मचारियों समेत 20 लोगों के बयान दर्ज किए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस साहिल के फोन से किए गए कॉल का विवरण और भेजे गए संदेश हासिल करने की भी कोशिश कर रही है।

संस्थान में अपने बेटे के साथ जातिगत भेदभाव किये जाने का आरोप लगा चुके साहिल के माता-पिता ने बृहस्पतिवार को आज़ाद मैदान में भूख हड़ताल की।

शुक्रवार को वे वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने मुंबई पुलिस की अपराध शाखा कार्यालय गये।

इस बीच, सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने आईआईटी-मुंबई का दौरा किया और साहिल की मौत की गहन जांच की मांग की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऊर्जा विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग का 22 वर्षीय छात्र साहिल 18 सितंबर को परीक्षा कक्ष से निकलने के बाद सीधे अपने छात्रावास के कमरे में गया था और जब वह शाम करीब सात बजे तक बाहर नहीं आया तो दरवाजा खोला गया और वह कमरे में मृत मिला।

संस्थान ने शुरू में दावा किया था कि उसे परीक्षा के दौरान अपने मोबाइल फ़ोन पर चैटजीपीटी का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था।

पुलिस का कहना है कि जिन 20 लोगों से पूछताछ की गई है, उनमें परीक्षा कक्ष में साहिल के साथ मौजूद छात्र, परीक्षा निरीक्षक और संस्थान के विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं।

जांच अधिकारियों ने बताया कि साहिल का मोबाइल फोन ‘पैटर्न लॉक’ से सुरक्षित है इसलिए कॉल का विवरण और संदेश तत्काल हासिल नहीं किए जा सके लेकिन फोन की ‘स्क्रीन’ पर कई ‘मिस्ड कॉल’ की सूचनाएं दिखाई दे रही थीं। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक विशेषज्ञ फोन से जानकारी हासिल करने के लिए प्रयास कर रहे हैं।

प्राथमिकी में नामजद आईआईटी मुंबई के अध्यापक सूर्यनारायण डूला को मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए अवकाश पर भेज दिया गया है। प्राथमिकी में उन पर जातिगत भेदभाव के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है।

साहिल के पिता रवींद्र और मां सोनाली वाकोडे ने बृहस्पतिवार को मुंबई के आजाद मैदान में भूख हड़ताल शुरू की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे को संस्थान में बार-बार जातिगत भेदभाव का सामना करना पड़ा।

उन्होंने उसके कथित ‘‘उत्पीड़कों’’ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हालांकि वे रात में मैदान से चले गये।

महाराष्ट्र के प्रमुख दलित नेता और केंद्रीय मंत्री आठवले ने आईआईटी दौरे के दौरान संस्थान के निदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत की। अधिकारियों ने बताया कि वह छात्रावास में साहिल के कमरे में भी गये।

केंद्रीय मंत्री ने कहा , ‘‘आईआईटी में प्रवेश पाने वाला कोई भी छात्र बहुत होशियार और काबिल होता है। साहिल की मौत की ठीक से जांच होनी चाहिए और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।’’

अठावले ने कहा, ‘‘जिस तरह से उसने आत्महत्या की, उससे लगता है कि इसके पीछे कोई बड़ी वजह हो सकती है। हो सकता है कि किसी ने उसका अपमान किया हो और उसे यह कदम उठाने के लिए मजबूर किया हो।’’

उन्होंने कहा कि वह इस इस संबंध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी से भी चर्चा करेंगे।

इस बीच, आईआईटी मुंबई ने अपने उस बयान को लेकर दो बार माफी मांगी है जिससे यह संकेत दिया गया था कि साहिल ने परीक्षा में कथित रूप से चैटजीपीटी का इस्तेमाल करते पकड़े जाने के कुछ घंटे बाद आत्महत्या की थी।

कुछ टीवी चैनलों ने परीक्षा कक्ष का सीसीटीवी फुटेज प्रसारित किया, जिसमें साहिल की गतिविधियां नजर आईं। फुटेज में एक प्रोफेसर उसके पास आते और कथित रूप से नकल करते पकड़े जाने के बाद उसे परीक्षा कक्ष से बाहर ले जाते दिखाई दिए

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सटीक घटनाक्रम का पता लगाने के लिए अब तक दर्ज बयानों और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में