बलात्कार मामले में बर्खास्त कॉन्स्टेबल की मां ने उसके लिए मृत्युदंड की मांग की

बलात्कार मामले में बर्खास्त कॉन्स्टेबल की मां ने उसके लिए मृत्युदंड की मांग की

बलात्कार मामले में बर्खास्त कॉन्स्टेबल की मां ने उसके लिए मृत्युदंड की मांग की
Modified Date: September 25, 2026 / 07:18 pm IST
Published Date: September 25, 2026 7:18 pm IST

ठाणे, 25 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में दुष्कर्म के एक मामले में सह-आरोपी और बर्खास्त पुलिस कॉन्सटेबल शैलेश पाटिल की मां ने अपने बेटे के लिए मृत्युदंड की मांग की है। उन्होंने उस पर अतीत में कई महिलाओं का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने यह भी कहा कि वह उनकी सारी संपत्ति पर कब्जा कर उन्हें परेशान कर रहा था।

जिले के कल्याण पश्चिम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक नरेन्द्र पवार और शैलेश पाटिल पर आरोप है कि उन्होंने 13 सितंबर को एक विवाहित महिला को भिवंडी के बापगांव ले जाकर बंदूक का भय दिखाकर धमकाया, उसे शराब पिलाई और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया।

कल्याण में संवाददाताओं से बात करते हुए बर्खास्त कॉन्स्टेबल की मां सुलोचना पाटिल ने आरोप लगाया कि उसके बेटे ने बंदूक का भय दिखाकर जबरन उसकी पूरी संपत्ति, जमीन और बड़ी मात्रा में नकदी पर कब्जा कर लिया तथा फर्जी दस्तावेजों के जरिए उसे बेघर कर दिया। उन्होंने बताया कि इसके कारण वह अब अपनी बेटी के साथ रह रही हैं।

उन्होंने कहा कि भिवंडी की यह घटना कोई अलग-थलग मामला नहीं है और आरोप लगाया कि उनके बेटे ने अतीत में धमकाकर कई महिलाओं को पीड़ित किया है।

अपने बेटे की आपराधिक पृष्ठभूमि के बारे में विस्तार से बताते हुए उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी को बचाने के लिए दोष अपने ऊपर लेने के बाद वह पहले जेल जा चुका है।

उन्होंने आरोप लगाया, “आर्थर रोड जेल में सजा काटने के दौरान उसका संपर्क आदतन अपराधियों से हुआ, जिससे उसके व्यवहार में बदलाव आया और वह अपराध की दुनिया में चला गया।”

उन्होंने अधिकारियों से अपने बेटे के “घृणित कृत्यों” के लिए उसे फांसी देने और अवैध रूप से कब्जाई गई उनकी संपत्तियां वापस दिलाने की अपील की।

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में