मुंबई लोकल ट्रेन सुरक्षा: पुलिस गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी नेटवर्क का विस्तार करने की योजना

Ads

मुंबई लोकल ट्रेन सुरक्षा: पुलिस गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी नेटवर्क का विस्तार करने की योजना

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 09:52 AM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 09:52 AM IST

मुंबई, 30 जून (भाषा) हाल में चलती लोकल ट्रेन में एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने की घटना के बाद महाराष्ट्र सरकार ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुंबई के उपनगरीय रेलवे नेटवर्क पर सीसीटीवी नेटवर्क का विस्तार करने और पुलिस गश्त को मजबूत करने की योजना की घोषणा की है।

गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने सोमवार को विधानसभा में बताया कि एक यात्री की हत्या के आरोपी को सीसीटीवी फुटेज और चेहरा पहचान प्रणाली की मदद से 15 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

चर्चगेट-नालासोपारा लोकल ट्रेन के प्रथम श्रेणी के कोच में 23 जून को मयंक लोहार की हत्या के मामले में विपक्ष ने कार्य स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया था, जिसके जवाब में कदम ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और चेहरा पहचान प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करके 15 घंटे के भीतर आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

कदम ने सदन को बताया, ‘‘आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।’’

उन्होंने कहा कि रेलवे पुलिस लगभग 20 थानों से विशिष्ट निगरानी के जरिए 24 घंटे नजर रखती है।

पुलिस में कर्मियों की कमी संबंधी चिंताओं का जवाब देते हुए कदम ने कहा कि रेलवे पुलिस आयुक्तालय में 4,175 पद स्वीकृत हैं। उन्होंने कर्मचारियों की कमी वाली बात को खारिज कर दिया।

मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र को पत्र लिखकर उपनगरीय रेलवे नेटवर्क पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने की मांग की है।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव