मुंबई: इमारत में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत, दो महिलाएं घायल
मुंबई: इमारत में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत, दो महिलाएं घायल
मुंबई, 17 दिसंबर (भाषा) मुंबई के उपनगरीय इलाके घाटकोपर में एक अस्पताल से लगी इमारत में शनिवार दोपहर आग लगने से 46 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो महिलाएं घायल हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इमारत में आग लगने के बाद बगल के अस्पताल में इलाज करा रहे 22 मरीजों को एहतियात के तौर पर दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि घाटकोपर पूर्वी इलाके में छह मंजिला ‘विश्वास’ नामक इमारत के भूतल पर स्थित एक होटल के बिजली मीटर में दोपहर करीब दो बजे आग लग गई। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर दमकल कर्मी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा बचाव एवं अग्निशमन अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा, ‘‘आग में फंसे तीन लोगों को दमकल कर्मियों ने बचाया और नगर निगम द्वारा संचालित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया।’’
अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में कुरैशी डेढिया को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि घटना में तानिया कांबले (18) और कुलसुम शेख (20) झुलस गईं। अधिकारी ने कहा, ‘‘एहतियात के तौर पर, बगल के अस्पताल में इलाज करा रहे 22 मरीजों को दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।’’
उन्होंने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया।
भाषा आशीष माधव
माधव

Facebook


