महाराष्ट्र के नेताओं ने अजित पवार की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी
महाराष्ट्र के नेताओं ने अजित पवार की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी
मुंबई, 22 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, कई मंत्रियों और राज्य सचिवालय ‘मंत्रालय’ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की 67वीं जयंती पर बुधवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने यहां लोक भवन में पवार के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
फडणवीस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अजित पवार के ‘‘दूरदर्शी, समावेशी और जन-केंद्रित नेतृत्व ने महाराष्ट्र के विकास में स्थायी योगदान दिया।’’ फडणवीस और पूर्व उपमुख्यमंत्री पवार का जन्मदिन एक ही दिन होता है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे और सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल ने मंत्रालय में आयोजित स्मृति कार्यक्रम में दिवंगत उपमुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि दी।
पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे, विधायक जयंत आसगांवकर और शिवाजीराव गर्जे, वरिष्ठ नौकरशाह तथा मंत्रालय के अधिकारी और कर्मचारी भी इस अवसर पर मौजूद थे।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने राज्य के विकास में पवार के योगदान को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
राज्य में सत्तारूढ़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख रहे अजित पवार की इस वर्ष 28 जनवरी को पुणे जिले में उनके गृहनगर बारामती में एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी।
राकांपा ने घोषणा की है कि पवार की जयंती के अवसर पर 22 से 26 जुलाई तक पूरे महाराष्ट्र में ‘जनसेवा सप्ताह’ आयोजित किया जाएगा। इसके तहत पर्यावरण, स्वास्थ्य सेवा, कृषि, महिलाओं और युवाओं से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाषा
सिम्मी नरेश
नरेश

Facebook


