मुंबई पुलिस ने ‘मेफेड्रोन’ जब्ती मामले में यूएई से निर्वासित मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया

मुंबई पुलिस ने ‘मेफेड्रोन’ जब्ती मामले में यूएई से निर्वासित मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया

मुंबई पुलिस ने ‘मेफेड्रोन’ जब्ती मामले में यूएई से निर्वासित मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया
Modified Date: November 2, 2025 / 06:47 pm IST
Published Date: November 2, 2025 6:47 pm IST

मुंबई, दो नवंबर (भाषा) मुंबई पुलिस ने रविवार को दो करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ (मेफेड्रोन) की जब्ती के मामले में वांछित एक आरोपी को निर्वासन के तहत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) द्वारा भारत भेजे जाने के बाद यहां गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस के मादक पदार्थ निरोधक प्रकोष्ठ (एएनसी) ने सलमान सलीम शेख उर्फ ​​शेरा को गिरफ्तार किया है। शेख को संयुक्त अरब अमीरात में पकड़ा गया और सहयोगी एजेंसियों की मदद से उसका वहां से निर्वासन हो गया।

उन्होंने बताया कि शेख कथित तौर पर देश भर में मेफेड्रोन(मादक पदार्थ) के निर्माण और वितरण के लिए दवा फैक्टरी को स्थापित करने में शामिल था और वह पिछले कुछ वर्षों से विदेश में रहकर इनका संचालन कर रहा था।

पुलिस उपायुक्त (एएनसी) नवनाथ ढवले ने बताया कि चार अगस्त को दो करोड़ रुपये मूल्य की 995 ग्राम मेफेड्रोन जब्त की गई थी जिसमें चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले की जांच के दौरान शेख की भूमिका का पता चला।

उन्होंने कहा कि शेख के खिलाफ ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ जारी किया गया था जिसके बाद उसे कुछ हफ्ते पहले संयुक्त अरब अमीरात में पकड़ा गया था।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद मुंबई पुलिस ने अपनी सहयोगी एजेंसियों से संपर्क कर यूएई से आरोपी के निर्वासन को सुनिश्चित किया। पुलिस के अनुसार शेख कम से कम चार मामलों में शामिल है।

पिछले कुछ महीनों में विदेश से भारत लाए गए मादक पदार्थ मामलों में शामिल यह चौथा आरोपी है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले पुलिस मादक पदार्थ सरगना सलीम डोला के बेटे ताहिर सलीम डोला, मुस्तफा मोहम्मद कुब्बावाला और मोहम्मद सलीम मोहम्मद सोहेल शेख को विदेश से वापस भारत लाई थी।

भाषा प्रचेता संतोष

संतोष


लेखक के बारे में