मुंबई पुलिस ने उत्तराखंड में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया, 11 गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने उत्तराखंड में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया, 11 गिरफ्तार
मुंबई, एक जुलाई (भाषा) मुंबई पुलिस ने शहर के एक निवासी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए देहरादून में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया और नौकरी की तलाश कर रहे लोगों से ठगी करने के आरोप में 11 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मानखुर्द पुलिस थाने के एक अधिकारी के अनुसार, यह फर्जी कॉल सेंटर तब सामने आया जब शहर की एक महिला ने पुलिस से शिकायत की कि जनवरी-फरवरी में कुछ लोगों ने निजी एयरलाइन में नौकरी दिलाने के बहाने उससे ठगी की।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने कथित भर्ती प्रक्रिया के नाम पर महिला को अपने बैंक खातों में करीब 2.5 लाख रुपये ट्रांसफर करने के लिए प्रेरित किया।
जब नौकरी नहीं मिली और आरोपियों ने उसके सवालों का जवाब देना बंद कर दिया, तब महिला ने मुंबई के मानखुर्द पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारी ने बताया कि विस्तृत जांच के बाद मुंबई पुलिस की एक टीम ने उत्तराखंड की राजधानी में एक स्थान पर छापा मारकर नौकरी के इच्छुक लोगों से ठगी करने वाले इस अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया।
पुलिस ने इस अवैध केंद्र से जुड़े 11 लोगों को गिरफ्तार किया और परिसर से नौ लैपटॉप, 13 मोबाइल फोन तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की।
अधिकारी ने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश

Facebook


