बिहार के औरंगाबाद में नगर निकाय अधिकारी की गोली मारकर हत्या

Ads

बिहार के औरंगाबाद में नगर निकाय अधिकारी की गोली मारकर हत्या

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 03:17 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 03:17 PM IST

औरंगाबाद (बिहार), दो अगस्त (भाषा) बिहार के औरंगाबाद जिले में नगर निकाय के एक अधिकारी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार शाम बारुण थाना क्षेत्र के धनौती पुल के पास हुई, जब कुमार डेहरी से सोन नहर सेवा मार्ग के रास्ते पटना जा रहे थे।

औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि हमलावरों ने कुमार के वाहन को रोककर पहले लाठियों से हमला किया और बाद में उन्हें गोली मार दी।

वर्मा ने बताया कि कुमार को जमुहार के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और मामले की जांच जारी है।

भाषा राखी अमित

अमित