अमरावती में मठ का प्रमुख पॉक्सो के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार
अमरावती में मठ का प्रमुख पॉक्सो के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार
अमरावती, 22 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक मठ के मुख्य महंत को गिरफ्तार किया गया है जो बलात्कार के आरोप और यौन अपराधों से बच्चों की सुरक्षा (पॉक्सो) अधिनियम के तहत दर्ज मामले में फरार था। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान आनंद मठ के दत्तागिरि गुरु जयरामजी महाराज के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि उसे मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।
इससे पहले रविवार को चंदूर रेलवे पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2) (बलात्कार) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया था। एक अधिकारी ने बताया कि पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया था।
उसे अमरावती अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
प्राथमिकी के मुताबिक, पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि वह जयरामजी महाराज से पहली बार 2014 में एक कार्यक्रम के दौरान मिली थी और वर्ष 2016 से उनके साथ रहने लगी थी, जब वह नाबालिग थी।
अधिकारी ने बताया कि पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने कई सालों तक उससे बलात्कार किया और उसका यौन शोषण किया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
संतोष नरेश
नरेश

Facebook


