नीट लीक: कोचिंग सेंटर के बाहर शिवसेना का प्रदर्शन

Ads

नीट लीक: कोचिंग सेंटर के बाहर शिवसेना का प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 08:21 PM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 08:21 PM IST

लातूर, 18 मई (भाषा) नीट-यूजी पेपर लीक मामले में कथित संलिप्तता को लेकर रेनुकाई करियर सेंटर के संस्थापक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा गिरफ्तार किये जाने के एक दिन बाद शिवसेना ने सोमवार को लातूर स्थित कोचिंग सेंटर मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने आरसीसी के साइनबोर्ड पर स्याही फेंकी और मोटेगांवकर के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने मोटेगांवकर पर छात्रों का भविष्य बर्बाद करने का आरोप लगाया।

एक अधिकारी ने बताया कि सुबह से ही वहां छात्रों और अभिभावकों सहित लोगों की भीड़ जुटने लगी थी, जिसके चलते इमारत के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया।

सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, मोटेगांवकर को रविवार शाम गिरफ्तार किया गया। मोटेगांवकर के परिसर की तलाशी के दौरान मोटेगांवकर के निजी मोबाइल फोन से तीन मई को आयोजित परीक्षा का लीक प्रश्नपत्र मिला था।

अधिकारियों ने बताया कि मोटेगांवकर कथित तौर पर नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक और उसे प्रसारित करने वाले ‘‘संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य’’ था।

सीबीआई के मुताबिक, मोटेगांवकर को 23 अप्रैल को ही प्रश्नपत्र और उत्तर मिल गए थे, यानी देश और विदेश में आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा से करीब 10 दिन पहले।

सीबीआई ने रविवार दोपहर लातूर के शिवनगर इलाके स्थित कोचिंग सेंटर में तलाशी ली थी। इससे पहले शुक्रवार को उसी इलाके में स्थित मोटेगांवकर के घर पर करीब आठ घंटे तक उससे पूछताछ की गई थी।

राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) तीन मई को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 केंद्रों में आयोजित की गई थी। सात मई की शाम कथित गड़बड़ी की जानकारी मिलने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई। इस परीक्षा के लिए करीब 23 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।

पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी।

भाषा अमित नरेश

नरेश