ठाणे, 26 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में मेट्रो पुल के निर्माण कार्य के तहत पानी की टंकी के लिए खोदे गए 10 फुट गहरे गड्ढे में रविवार सुबह एक कंटेनर ट्रक गिर गया जिससे उसका चालक घायल हो गया। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना सुबह करीब छह बजे शहर की व्यस्त घोडबंदर रोड पर चितलसर-मानपाडा पुलिस थाने के पास हुई।
ठाणे महानगरपालिका के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि कंटेनर करीब 25 टन पुराने टायर लेकर न्हावा शेवा से गुजरात जा रहा था तभी चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।
तडवी ने बताया कि वाहन मेट्रो पुल के निर्माण कार्य के तहत पानी की टंकी के लिए खोदे गए करीब 10 फुट गहरे गड्ढे में जा गिरा और चालक केबिन के अंदर फंस गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस, मेट्रो परियोजना के कर्मचारी और अन्य बचावकर्मी मौके पर पहुंचे।
अधिकारी ने कहा, ‘‘दमकलकर्मियों ने केबिन में फंसे चालक अमित यादव (30) को करीब 15 मिनट के प्रयास के बाद बाहर निकाला। उसे मामूली चोटें आईं और मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।’’
इसके बाद औपचारिकताएं पूरी करने के लिए चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
भाषा
सिम्मी खारी
खारी