लातूर, 10 जुलाई (भाषा) धार्मिक आयोजन के दौरान एकत्र किए गए 3.6 करोड़ रुपये के धन के कथित गबन के मामले में वांछित एक साधु को शुक्रवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि किशोर धोंडीराम जाधव (शिवणीकर) उर्फ ‘पिस्तुल्या महाराज’ को अपराध शाखा की टीम ने मोती नगर इलाके के एक मकान पर छापा मारकर गिरफ्तार किया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपी दूसरी मंजिल पर एक बंद कमरे में रह रहा था। तकनीकी माध्यमों से पकड़े जाने से बचने के लिए वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा था। खंडापुर गांव में 22 फरवरी से दो मार्च के बीच आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान एकत्र किए गए 3.6 करोड़ रुपये के कथित गबन के मामले में एमआईडीसी पुलिस थाने में मामला दर्ज होने के बाद से वह छह जून से फरार था।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को संदेह था कि कमरे के भीतर कोई छिपा हुआ है। उन्होंने बताया कि जब मकान मालिक ने अनुरोध के बावजूद कमरा खोलने से इनकार कर दिया, तो पुलिस को ताला तोड़ना पड़ा।
अधिकारी ने कहा, ‘‘धार्मिक आयोजन के दौरान 5.9 करोड़ रुपये का चंदा एकत्र किया गया था, जिसमें से 2.3 करोड़ रुपये विभिन्न आयोजन संबंधी खर्चों पर व्यय किए गए। शेष 3.6 करोड़ रुपये का कथित तौर पर कोई हिसाब नहीं दिया गया, जिसके कारण धन के गबन और धोखाधड़ी के आरोप लगे। इस संबंध में वारकरी समुदाय के लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।’’
भाषा अमित शोभना
शोभना